रोजगार मांग रही वाल्मीकि समाज की महिलाओं ने संविदा सफाई कर्मचारी पर लगाए गंभीर आरोप, डीएम से जांच की मांग

ललितपुर। वाल्मीकि समाज की बेरोजगार महिलाओं ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर नगर पालिका परिषद ललितपुर में तैनात एक संविदा सफाई कर्मचारी एवं कार्यवाहक स्वास्थ्य नायक कुंजबिहारी बाबरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं महिलाओं ने आरोप लगाया है कि रोजगार की मांग को लेकर चलाए जा रहे उनके अभियान को बदनाम करने और प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायती पत्र में कहा गया है कि वाल्मीकि समाज की कई बेरोजगार महिलाएं लंबे समय से नगर पालिका और जिला प्रशासन से रोजगार उपलब्ध कराने की मांग कर रही हैं। महिलाओं का आरोप है कि उनके द्वारा दिए गए ज्ञापनों और रोजगार संबंधी मांगों को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है तथा उन पर और उनके समर्थकों पर निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं।
महिलाओं ने बताया कि 27 मई 2026 को नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को तथा बाद में जिलाधिकारी और मंडलायुक्त झांसी को भी ज्ञापन सौंपा गया था। आरोप है कि इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके आंदोलन को कमजोर करने और भ्रम फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार की टिप्पणियां और आरोप लगाए गए। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि यदि किसी महिला से किसी प्रकार की अवैध वसूली की गई होती तो वह स्वयं इसकी शिकायत करती। महिलाओं का कहना है कि रोजगार की मांग को लेकर चल रहे अभियान को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। ज्ञापन में संबंधित कर्मचारी पर अपने पद का दुरुपयोग करने, मनमाने तरीके से कर्मचारियों को हटाने और अपने परिजनों को लाभ पहुंचाने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। महिलाओं ने दावा किया कि पूर्व में भी इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन को शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित कर्मचारी द्वारा उपस्थिति रजिस्टर और स्थानांतरण प्रक्रिया में अनियमितताएं की गईं। महिलाओं का कहना है कि कई मामलों में शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से संबंधित कर्मचारी के हौसले बढ़ गए हैं। महिलाओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही नगर पालिका में रिक्त पदों पर जरूरतमंद बेरोजगार महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। महिलाओं का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना है और वे चाहती हैं कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की अपील की है।

लेखक के बारे में

Surendra Sapera

@saperasurendra50

Reporter Lalitpur Up

0 फॉलोअर्स