ललितपुर।
नगर पालिका परिषद ललितपुर द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए वार्ड संख्या-03 नेहरू नगर एवं वार्ड संख्या-09 सिविल लाइन क्षेत्र में सीसी सड़क, नाली एवं नाला निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया गया।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
इस दौरान संबंधित वार्डों के जनप्रतिनिधि और नगर पालिका की टीम भी मौजूद रही।भूमि पूजन के अवसर पर क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए खुशी व्यक्त की।
स्थानीय लोगों का कहना था कि लंबे समय से सड़क निर्माण न होने के कारण आवागमन में परेशानी होती थी और बरसात के मौसम में जलभराव व कीचड़ के कारण बच्चों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
अब सड़क और जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से लोगों को राहत मिलेगी।नगर पालिका परिषद द्वारा वार्ड संख्या-03 नेहरू नगर में हड्डी मील के पास तथा सिविल लाइन क्षेत्र में आईटीआई के सामने सड़क, नाली एवं नाला निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाला निर्माण, सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अनेक विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बरसात से पूर्व अधिक से अधिक क्षेत्रों में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने अवर अभियंता खुशबू खान एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।कार्यक्रम में पार्षद अशोक पंथ, पार्षद प्रतिनिधि विवेक दारोनिया, अवर अभियंता खुशबू खान, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, नजूल लिपिक सुधीर रावत, सेवानिवृत्त लिपिक रमाकांत तिवारी, गैराज प्रभारी अमित कुमार रिंकू, शैलेन्द्र परिहार, देवेंद्र राय सहित नगर पालिका परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।