आग पीड़ित व्यापारियों को क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग, व्यापार मंडल ने डीएम व विधायक को सौंपा ज्ञापन.

ललितपुर जिला उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांतीय सदस्य आकाश गुप्ता के प्रतिष्ठान गुप्ता ट्रेडर्स में लगी भीषण आग की घटना के बाद प्रशासन एवं शासन से आर्थिक सहायता और क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर जिलाधिकारी एवं सदर विधायक को ज्ञापन सौंपा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि 30 मई 2026 की रात लगभग 11 बजे झांसी रोड नहर के पास स्थित गुप्ता ट्रेडर्स का शोरूम भीषण आग की चपेट में आ गया था। आग इतनी विकराल थी कि उसे बुझाने में फायर ब्रिगेड को भारी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय स्तर पर दमकल वाहनों की कमी के कारण बजाज पावर प्लांट से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगानी पड़ी। आग पर काबू पाने के लिए जेसीबी मशीन से गोदाम की दीवारें तक तोड़नी पड़ीं, लेकिन तब तक करोड़ों रुपये का माल जलकर राख हो चुका था। करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
व्यापार मंडल ने पहला ज्ञापन जिलाधिकारी सत्य प्रकाश को तथा दूसरा ज्ञापन सदर विधायक रामरतन कुशवाहा को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि प्रभावित व्यापारी आकाश गुप्ता को स्थानीय प्रशासन एवं राज्य सरकार की ओर से अधिकतम आर्थिक सहायता एवं क्षतिपूर्ति प्रदान की जाए।
व्यापार मंडल ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में तेज हवा, बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। संगठन पिछले चार वर्षों से जनपद में फायर ब्रिगेड की 10 अतिरिक्त गाड़ियां, प्रत्येक तहसील में फायर स्टेशन तथा दो-दो दमकल वाहनों की मांग करता आ रहा है। बताया गया कि शासन स्तर से चारों तहसीलों में फायर स्टेशन एवं दमकल वाहनों की स्वीकृति मिल चुकी है, जिन्हें शीघ्र उपलब्ध कराया जाना चाहिए ताकि भविष्य में आगजनी की घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
व्यापार मंडल ने हाल ही में चौका बाग क्षेत्र के सामने स्थित कुमार ट्रेडर्स एवं राजेंद्र जैन (राजू) के मकान-दुकान में लगी भीषण आग का भी उल्लेख किया। संगठन के अनुसार इस घटना में लगभग एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जबकि मकान की ऊपरी मंजिल पर सो रहे चार परिजन पीछे के रास्ते से सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई.

व्यापार मंडल ने दोनों आग प्रभावित व्यापारियों को उचित क्षतिपूर्ति प्रदान करने की मांग करते हुए कहा कि नगर का पूरा व्यापारी समाज उनके साथ खड़ा है।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष पं. मनीष सड़ैया, जिला अध्यक्ष सुरेश बड़ेरा, जिला महामंत्री शैलेंद्र सिंघई, प्रदेश उपाध्यक्ष उद्योग मंच कमलेश सराफ, प्रदेश मंत्री संतोष इमलिया, प्रदेश युवा मंत्री अजय सोनी, जिला संयुक्त महामंत्री अभिषेक अनोरा, जिला कोषाध्यक्ष सिद्धेश्वर जमोरया, वरिष्ठ व्यापारी प्रभात सराफ, प्रांतीय सदस्य आकाश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष राजू सिंधी, रविंद्र दिवाकर, डॉ. संजीव कड़की, सुरेंद्र लारिया, अशोक सोनी, नगर अध्यक्ष पं. नवनीत किलेदार, नगर महामंत्री समित समैया, जिला युवा अध्यक्ष विशाल सराफ, नगर संयोजक मंगू पहलवान, जिला मंत्री जितेंद्र सोनी, नगर मंत्री सौरभ जैन, विपिन जैन, विवेक मड़वैया, शिखर जैन, मुरारी सोनी, रविंद्र जैन, अनुज जैन, महावीर कामरा, संजीव सोंरया, प्रवेश सिंह, अजय साहू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

MANOJ JAIN

@admin

Managing Director

5000 फॉलोअर्स