चंदेरी में गूंजे भारत माता के जयकारे,निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

रिपोर्टर कल्याण अहिरवार चंदेरी


चंदेरी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की आन, बान और शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान में चंदेरी नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। दिल्ली दरवाजा से प्रारंभ हुई यह यात्रा हरकुंड स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय तक पहुंची। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित एवं पंक्तिबद्ध होकर शामिल हुए। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी यात्रा में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

यात्रा के दौरान देशभक्ति का वातावरण बना रहा। नागरिकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा लहराते हुए देश के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण व्यक्त किया। यात्रा का समापन हरकुंड स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में हुआ, जहां भारत माता की पूजा-अर्चना की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश की आजादी हमारे वीर शहीदों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता संग्राम के वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्र कराया। उन्होंने सभी वीर शहीदों को नमन करते हुए देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम के अंत में एसडीएम मनीष धनगर ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी गणमान्य नागरिकों, सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों,विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करते हैं।

लेखक के बारे में

K

@kahirwar413

0 फॉलोअर्स