पीछे मजार, आगे गैराज का कारोबार! शासकीय भूमि पर व्यावसायिक गतिविधि को लेकर उठे सवाल

चंदेरी। चंदेरी के मुंगावली तिराहे पर स्थित एक मजार/मस्जिद परिसर से लगी भूमि पर संचालित बड़े गैराज को लेकर स्थानीय नागरिकों में चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि संबंधित भूमि शासकीय है, तो उस पर व्यावसायिक गतिविधि किसकी अनुमति से संचालित की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धार्मिक स्थल के सामने लंबे समय से बड़े स्तर पर गैराज संचालित हो रहा है। इसको लेकर नागरिकों का कहना है कि यदि संबंधित भूमि किराये पर दी गई है, तो यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि किस विभाग अथवा सक्षम प्राधिकारी ने भूमि किराये पर दी है, किराया किसके पास जमा हो रहा है और उसका वैधानिक आधार क्या है।
इस पूरे मामले ने कई गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। यदि भूमि वास्तव में शासकीय है, तो क्या उसका व्यावसायिक उपयोग नियमानुसार किया जा रहा है? क्या राजस्व विभाग या अन्य सक्षम प्राधिकारी से इसकी विधिवत अनुमति प्राप्त की गई है? धार्मिक स्थल के आसपास इस प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि की वैधानिक स्थिति क्या है? इन सभी बिंदुओं पर प्रशासनिक स्पष्टता आवश्यक बताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि धार्मिक आस्था के स्थलों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। यदि किसी धार्मिक स्थल की आड़ में शासकीय भूमि का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, तो इसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जानी चाहिए। वहीं यदि सब कुछ नियमानुसार संचालित हो रहा है, तो प्रशासन को भी तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि जनमानस में व्याप्त भ्रम समाप्त हो सके।
नागरिकों ने जिला प्रशासन, राजस्व विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि स्थल का सीमांकन कर राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कराया जाए तथा यह स्पष्ट किया जाए कि संबंधित भूमि का स्वामित्व किसके पास है और वहां संचालित गतिविधियां विधिसम्मत हैं या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार का अतिक्रमण अथवा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेकर जांच प्रारंभ करता है और जनहित से जुड़े इन सवालों का जवाब सामने आता है।

पीछे मजार, आगे गैराज का कारोबार! शासकीय भूमि पर व्यावसायिक गतिविधि को लेकर उठे सवाल - अशोक नगर - LALITPUR LIVE TV

लेखक के बारे में

K

@kahirwar413

0 फॉलोअर्स