आबकारी विभाग की कार्रवाई - वायरल वीडियो के बाद आबकारी विभाग का बडा एक्शन.

ललितपुर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक व्यक्ति पुस्तक की दुकान से देशी शराब बेचता हुआ दिखाई दे रहा था विभागीय जानकारी के अनुसार, वीडियो में नजर आने वाला व्यक्ति गौना स्थित कंपोजिट शराब दुकान का अनुज्ञापी है।

इस मामले के संज्ञान में आने के बाद 19 अक्टूबर 2026 को आबकारी निरीक्षक मेहरौनी ने थाना सौजना क्षेत्र के गौना स्थित कंपोजिट शराब दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान पर पाई गई अनियमितताओं के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

वहीं, वायरल वीडियो में जिस पुस्तक की दुकान से शराब बेचे जाने का दावा किया गया था, वहां भी आबकारी विभाग की टीम और थाना सौजना पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच की। विभागीय जानकारी के अनुसार, इस जांच के दौरान मौके से कोई अवैध मदिरा बरामद नहीं हुई।

इस मामले में थाना सौजना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर गौना कंपोजिट शराब दुकान के अनुज्ञापी भगवत सिंह पुत्र कपूर सिंह, निवासी ग्राम गौना के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है।

फिलहाल मामले में विभागीय कार्रवाई और पुलिस की जांच जारी है। वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों और जांच के निष्कर्षों के संबंध में अंतिम स्थिति संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक जानकारी से ही स्पष्ट होगी।

लेखक के बारे में

Surendra Sapera

@saperasurendra50

Reporter Lalitpur Up

0 फॉलोअर्स