विदिशा के महाराणा प्रताप कॉलेज में ओरिएंटेशन और करियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन, मेधावी छात्र सम्मानित:

विदिशा शहर के दुर्गानगर स्थित महाराणा प्रताप कॉलेज में सत्र 2026-27 के लिए डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं करियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष में प्रथम, द्वितीय और तृतीय रैंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, सर्टिफिकेट और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

महाराणा प्रताप कॉलेज के जॉइंट सेक्रेटरी लायन अरुण कुमार सोनी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ विदिशा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी मनोज कटारे और कॉलेज संचालक यशवंत प्रताप सिंह राठौड़ ने दीप प्रज्वलित कर और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।

कॉलेज संचालक यशवंत प्रताप सिंह राठौड़ ने स्वागत उद्बोधन में कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यार्थियों को करियर प्लानिंग और टाइम मैनेजमेंट के बारे में जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने छात्रों को लक्ष्य से भटकाने वाले कारकों से बचने के टिप्स भी दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी ने विद्यार्थियों को नागरिक कर्तव्यों का पालन करने और नशे से दूर रहकर उज्ज्वल भविष्य के लिए कड़ी मेहनत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में मनोज कटारे ने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर सफल लोगों से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा ने भी छात्रों का मार्गदर्शन किया। इसके अलावा डॉ. पवन जैन और संतोष बघेल ने भी अपने विचार रखे।

समारोह में शैक्षणिक सत्र के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इनमें बीएससी चतुर्थ वर्ष ऑनर्स में धर्मेंद्र अहिरवार (प्रथम), बीएससी तृतीय वर्ष में वसुदेव यादव (प्रथम) और सलोनी लोधी (द्वितीय), बी.कॉम. चतुर्थ वर्ष ऑनर्स में नेहल (प्रथम), बी.कॉम. तृतीय वर्ष में पर्व जैन (प्रथम) और प्रियांश शिंगई (द्वितीय), बी.ए. चतुर्थ वर्ष ऑनर्स में अंजलि गोस्वामी (प्रथम), बी.ए. तृतीय वर्ष में मुस्कान मीना (प्रथम) और अर्चना (द्वितीय) शामिल रहे।

इसी क्रम में बीबीए में आकाश कुर्मी (प्रथम) और आयुष दांगी (द्वितीय), पीजीडीसीए में यशी यादव (प्रथम) और मौसम दीक्षित (द्वितीय), तथा डीसीए में रिमझिम (प्रथम) और दृश्या (द्वितीय) को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें डांस, गायन और भाषण शामिल रहे। सहायक प्राध्यापक कान्हा शर्मा ने प्रोजेक्टर के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेजेंटेशन दिया। साथ ही, विभिन्न विषयों पर क्विज का आयोजन किया गया और विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन युवा कवि सुमित सिंह ने किया। समापन पर कॉलेज की प्राचार्य अंजना सिंह ने अतिथियों, विद्यार्थियों और समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने की सलाह दी। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षण स्टाफ से लक्ष्मी तिवारी, सोनम राजपूत, महक शर्मा, रितिका विश्वकर्मा, रक्षपाल सिंह यादव, रचित तिवारी, साक्षी तिवारी, प्रीति ताम्रकार, डॉ. अनीता, कान्हा शर्मा, हरेंद्र कुमार और बैजनाथ सेन ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

लेखक के बारे में

शोभित जैन

@jainshobhit5

विदिशा REPORTER

0 फॉलोअर्स