विदिशा के हरि वृद्ध आश्रम में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम: नौ वृद्ध माताओं ने धारण किया मां दुर्गा के नौ रूपों का जीवंत स्वरूप

विदिशा के श्री हरि वृद्ध आश्रम में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों में सजीं वृद्ध माताएं, भक्ति और संवेदना का दिखा अनूठा संगम

विदिशा (मध्य प्रदेश)। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर विदिशा स्थित श्री हरि वृद्ध आश्रम में भक्ति, संवेदना और संस्कृति का एक भावुक और अनूठा संगम देखने को मिला। इस आयोजन में घर-परिवार से उपेक्षित और अपनों से दूर रह रहीं वृद्ध माताओं में मां जगदंबा का स्वरूप साकार किया गया। आश्रम की नौ वृद्ध माताओं को पारंपरिक और दिव्य श्रृंगार के साथ मां दुर्गा के नौ स्वरूपों में सजाया गया, जिससे पूरा आश्रम परिसर जीवंत हो उठा।

इस अनूठी पहल के तहत आश्रम की संचालिका श्रीमती इंदिरा शर्मा और श्री वेद प्रकाश शर्मा के आमंत्रण पर आर हेयर एंड मेकअप अकादमी (भोपाल) के संस्थापक एवं प्रसिद्ध मेकअप आर्टिस्ट राजेश सोनी अपनी पूरी टीम के साथ आश्रम पहुंचे। फिल्म जगत और वेब सीरीज के कलाकारों को तैयार करने वाली इस टीम में सह-निदेशक अर्पित सोनी, वरिष्ठ सदस्य राजकुमार, शशि परिहार, रचना रघुवंशी और कविता शामिल थे। इन कलाकारों ने पूरी श्रद्धा के साथ आश्रम की नौ माताओं—श्रीमती गजरा बाई, सुमित्रा बाई, केसर बाई, दुर्गा बाई रजक, लक्ष्मी अहिरवार, मुन्नी बाई कुशवाहा, पुष्पा बाई और बाती बाई अहिरवार—का नवदुर्गा के स्वरूप में अलौकिक श्रृंगार किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इसके बाद मां दुर्गा का रूप धारण किए माताओं को दिव्य आसनों पर विराजमान कराया गया। आश्रम की अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, मेकअप अकादमी के डायरेक्टर राजेश सोनी, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से माताओं का पूजन कर चरण वंदना की। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच भव्य महाआरती संपन्न हुई।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने समाज को एक कड़ा संदेश दिया। आश्रम की अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा शर्मा ने कहा कि आज देश भर में दुर्गा पूजा की धूम है, लेकिन यह कड़वा सच है कि कई माताएं आश्रमों में दिन काटने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि इस महापूजा का उद्देश्य केवल मूर्ति पूजा करना नहीं, बल्कि घर में मौजूद वृद्ध माता-पिता की सेवा कर पूजा को सार्थक बनाना है। यदि घर की मां दुखी है, तो बाहर की गई पूजा व्यर्थ है। आश्रम के संचालक वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि मां ही जन्मदात्री है और परिवार की रूठी हुई मां को सम्मान देने के उद्देश्य से ही यह आयोजन किया गया है। मेकअप आर्टिस्ट राजेश सोनी ने कहा कि उन्होंने सिनेमा जगत के लिए हजारों युवाओं को प्रशिक्षित किया है, लेकिन इन माताओं का श्रृंगार करके उन्हें जो आत्मिक संतोष मिला है, वह अप्रतिम है।

कार्यक्रम के दौरान लीजेंड म्यूजिकल ग्रुप (विदिशा) के अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी और उनकी टीम, संयोजक प्रदीप जैन 'पारस', सपना राय, प्रशंसा चतुर्वेदी और गायिका सौम्या शर्मा ने मां दुर्गा के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित जनसमूह भक्ति रस में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम सुंदर शर्मा, समाजसेवी मनोज पांडे, भाजपा नेता मनोज कटारे, लायंस क्लब के शाश्वत शर्मा, राजकुमार सर्राफ, अरुण सोनी और चंद्रमोहन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आश्रम संचालक वेद प्रकाश शर्मा ने भोपाल से आई मेकअप टीम, संगीत मंडली और सहयोगी अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र देकर आभार व्यक्त किया।

विदिशा के हरि वृद्ध आश्रम में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम: नौ वृद्ध माताओं ने धारण किया मां दुर्गा के नौ रूपों का जीवंत स्वर
विदिशा के हरि वृद्ध आश्रम में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम: नौ वृद्ध माताओं ने धारण किया मां दुर्गा के नौ रूपों का जीवंत स्वर

लेखक के बारे में

शोभित जैन

@jainshobhit5

विदिशा REPORTER

0 फॉलोअर्स