विदिशा के हरिवृद्ध आश्रम में भक्ति और आस्था का संगम: नौ वृद्ध माताओं ने धारण किया मां दुर्गा के नौ रूपों का स्वरूविदिशा स्थित हरिवृद्ध आश्रम इन दिनों भक्ति और आस्था के अनूठे संगम का केंद्र बना हुआ है। यहां आश्रम की नौ वृद्ध माताओं ने मां दुर्गा के नौ रूपों का जीवंत स्वरूप धारण किया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग भक्ति भाव से सराबोर हो गए।इस विशेष आयोजन के दौरान लीजेंड म्यूजिकल ग्रुप विदिशा ने देवी भजनों की प्रस्तुति दी। संगीत की इन लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और उपस्थित श्रोताओं को म

विदिशा में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री हरि वृद्ध आश्रम में भक्ति, संवेदना और संस्कृति का एक अनूठा संगम देखने को मिला घर-परिवार से उपेक्षित और अपनों से दूर रह रहीं वृद्ध माताओं में इस दिन मां जगदंबा का स्वरूप साकार हुआ। आश्रम की नौ वृद्ध माताओं को पारंपरिक और दिव्य श्रृंगार के जरिए मां दुर्गा के नौ स्वरूपों में सजाया गया, जिससे पूरा आश्रम परिसर जीवंत हो उठा।

आश्रम की संचालक श्रीमती इंदिरा शर्मा और श्री वेद प्रकाश शर्मा की पहल पर आर हेयर एंड मेकअप अकादमी (भोपाल) के संस्थापक एवं प्रसिद्ध मेकअप आर्टिस्ट राजेश सोनी अपनी पूरी टीम के साथ आश्रम पहुंचे। फिल्म जगत और वेब सीरीज के कलाकारों को तैयार करने वाले ख्यातनाम मेकअप आर्टिस्टों—अर्पित सोनी, राजकुमार, शशि परिहार, रचना रघुवंशी और कविता—ने बेहद श्रद्धा के साथ आश्रम की नौ माताओं श्रीमती गजरा बाई, सुमित्रा बाई, केसर बाई, दुर्गा बाई रजक, लक्ष्मी अहिरवार, मुन्नी बाई कुशवाहा, पुष्पा बाई और बाती बाई अहिरवार का नवदुर्गा के स्वरूप में अलौकिक श्रृंगार किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इसके बाद मां दुर्गा का रूप धारण करने वाली माताओं को दिव्य आसनों पर विराजमान कराया गया। आश्रम की अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, मेकअप अकादमी के डायरेक्टर राजेश सोनी, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से माताओं का पूजन कर चरण वंदना की। ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच पारंपरिक तरीके से भव्य महाआरती का आयोजन किया गया।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने समाज को एक भावुक संदेश दिया। आश्रम की अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा शर्मा ने कहा कि देश भर में दुर्गा पूजा की धूम है, लेकिन यह कड़वा सच है कि कई माताएं आश्रमों में दिन काटने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि इस महापूजा का उद्देश्य केवल मूर्ति पूजा करना नहीं, बल्कि घर में मौजूद वृद्ध माता-पिता की सेवा कर पूजा को सार्थक बनाना है। यदि घर की मां दुखी है, तो बाहर की जाने वाली सभी पूजा-अर्चना व्यर्थ हैं।

आश्रम के संचालक श्री वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि मां ही जन्मदात्री है, जिसके बिना अस्तित्व असंभव है। परिवार की रूठी हुई मां को सम्मान देने के उद्देश्य से ही यह आयोजन किया गया है। माता-पिता की सेवा और आशीर्वाद से ही जीवन में यश और शांति प्राप्त होती है। मेकअप आर्टिस्ट राजेश सोनी ने कहा कि उनकी संस्था ने अब तक ब्यूटी फील्ड में 2000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित कर सिनेमा जगत में भेजा है, लेकिन आज इन माताओं का श्रृंगार करके जो आत्मिक संतोष मिला है, वह अप्रतिम है।

कार्यक्रम के दौरान लीजेंड म्यूजिकल ग्रुप (विदिशा) के अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी और उनकी टीम, संयोजक प्रदीप जैन 'पारस', सपना राय, प्रशंसा चतुर्वेदी और गायिका सौम्या शर्मा ने मां दुर्गा के भजनों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम सुंदर शर्मा, समाजसेवी मनोज पांडे, भाजपा नेता मनोज कटारे, लायंस क्लब के शाश्वत शर्मा, राजकुमार सर्राफ, अरुण सोनी और चंद्रमोहन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आश्रम संचालक वेद प्रकाश शर्मा ने भोपाल से आई मेकअप आर्टिस्ट टीम, संगीत मंडली और सहयोगी अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र देकर आभार व्यक्त किया।

लेखक के बारे में

शोभित जैन

@jainshobhit5

विदिशा REPORTER

0 फॉलोअर्स