भोपाल के निर्माणाधीन हबीबगंज मेट्रो स्टेशन का नाम अब होगा आचार्यश्री विद्यासागर मेट्रो स्टेशन, सांसद आलोक शर्मा ने की घोषणा

भोपाल। भोपाल में निर्माणाधीन हबीबगंज मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर अब आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज मेट्रो स्टेशन किया जाएगा। इस निर्णय की घोषणा भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सांसद आलोक शर्मा ने नवाचार्य आचार्य समय सागर जी महाराज के समक्ष की।

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा, आशीर्वाद और उनकी पवित्र स्मृति को समर्पित है। उन्होंने कहा कि आचार्यश्री का संपूर्ण जीवन अहिंसा, संयम, त्याग और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उनके नाम पर मेट्रो स्टेशन का नामकरण भोपाल ही नहीं, बल्कि समस्त भारत और भारतवर्षीय जैन समाज के लिए गौरव का विषय है।

इस अवसर पर आचार्य समय सागर जी महाराज ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु जी के प्रकल्पों को पूर्ण करना ही उनका विकल्प है।

इस निर्णय का सकल जैन समाज ने स्वागत किया है। राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के राकेश गोहिल, मयंक जैन, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. जैनेन्द्र जैन, अमित कासलीवाल, हंसमुख गांधी, टीके वेद और महिला परिषद की संभागीय अध्यक्ष श्रीमती मुक्ता जैन व रेखा जैन सहित समाज के अन्य लोगों ने श्रीफल भेंट कर सांसद आलोक शर्मा और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

भोपाल मेट्रो का यह स्टेशन अब संत शिरोमणि आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज की स्मृतियों को जीवंत रखेगा और आने वाली पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा देता रहेगा।

लेखक के बारे में

M

@facebook_slgp_slgpwz

0 फॉलोअर्स