क्षमावाणी पर्व पर चांदी की पालकी में निकले महावीर भगवान

विदिशा में क्षमावणी पर्व पर मुनि निर्णय सागर महाराज के सानिध्य में निकला विशाल चल समारोह

विदिशा से शोभित जैन की रिपोर्ट। प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी क्षमावणी पर्व के अवसर पर रविवार, 27 सितंबर 2026 को दोपहर 1:00 बजे पूज्य मुनि 108 श्री निर्णय सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में श्री शीतल नाथ दिगंबर जैन छोटा मंदिर, अंदर किला विदिशा से एक विशाल चल समारोह निकाला गया। यह चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पाटनी निवास के सामने माधवगंज पहुंचा। वहां श्रीजी का कलशाभिषेक और शांतिधारा की गई, जिसके बाद पूज्य मुनि श्री के प्रवचन हुए। इसके पश्चात सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर क्षमा याचना की।

भव्य चल समारोह में बग्घी पर श्री महावीर स्वामी, आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज और आचार्य श्री समय सागर जी महाराज के कट-आउट निकाले गए। मां जिनवाणी को रथ पर विराजमान किया गया था। इस दौरान युवा भजनों की थाप पर नृत्य करते हुए और जैन धर्म की पताका लहराते हुए चल रहे थे। वहीं, चांदी की पालकी में श्री महावीर भगवान विराजमान थे, जिसे श्रावक अपने कंधों पर उठाकर चल रहे थे। श्रीजी के आगे विद्यासागर दिव्यघोष के बच्चे अपनी लय और धुन में श्रीजी का विहार करा रहे थे।

इस चल समारोह में जैन समाज के सभी मंदिरों के ट्रस्टी, सोशल ग्रुप, महिला मंडल, समग्र पाठशाला और मुनि सेवक संघ का सहयोग प्राप्त हुआ। चल समारोह का संचालन श्री शीतल नाथ सेवादल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष सहित शीतल विहार न्यास के अध्यक्ष अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सनातन हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष श्री रामराज सहित उनकी पूरी टीम ने मुनिश्री का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र भैयाजी और पवन पाटनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शीतल नाथ दिगंबर जैन छोटे मंदिर के महामंत्री संजीव चंदौरिया ने किया। इस अवसर पर हृदय मोहनजी, निरंजन पाटनी, अनिल जैन एडवोकेट, वसंत जैन और शैलेंद्र चौधरी सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सामूहिक क्षमावाणी के बाद चल समारोह वापस छोटे जैन मंदिर पहुंचा, जहां अभिषेक के उपरांत श्रीजी को वेदी में विराजमान किया गया।

क्षमावाणी पर्व पर चांदी की पालकी में निकले महावीर भगवान - मध्य प्रदेश - LALITPUR LIVE TV
क्षमावाणी पर्व पर चांदी की पालकी में निकले महावीर भगवान - मध्य प्रदेश - LALITPUR LIVE TV
क्षमावाणी पर्व पर चांदी की पालकी में निकले महावीर भगवान - मध्य प्रदेश - LALITPUR LIVE TV

लेखक के बारे में

शोभित जैन

@jainshobhit5

विदिशा REPORTER

0 फॉलोअर्स