विदिशा से शोभित जैन की रिपोर्ट
पालन सेवा फाउंडेशन (Palan Sewa Foundation) ने मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MPCOST) के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों के बीच वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक नई पहल शुरू की है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य स्टेम (STEM) और रोबोटिक्स जैसे व्यावहारिक माध्यमों से ग्रामीण विद्यार्थियों की नींव को मजबूत करना है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का नेतृत्व शिक्षा समन्वयक अंकित चौरसिया (NIT भोपाल) अपनी समर्पित टीम के साथ कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से लगभग 20 शासकीय ग्रामीण विद्यालयों के 2,000 से अधिक विद्यार्थियों तक पहुँचने का लक्ष्य रखा गया है। इसके जरिए बच्चों में विज्ञान, नवाचार, जिज्ञासा और शोध की सोच विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को दैनिक जीवन और अध्ययन में शामिल विषयों को विज्ञान के नजरिए से समझाने का कार्य किया जाएगा।
फाउंडेशन का मानना है कि प्रतिभा केवल बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि भारत के गांवों में भी अपार क्षमता छिपी हुई है। इस क्षमता को निखारने के लिए सही अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। यह परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस पहल को सफल बनाने में सहयोग और विश्वास देने के लिए संस्था ने जयवर्धन, सुनील, निलेश और आशीष का आभार व्यक्त किया है।



📸 और तस्वीरें