रिपोर्टर कल्याण अहिरवार चंदेरी जिला अशोक नगर.मो.7047883182
………………......................
ऐतिहासिक नगरी चंदेरी में विदेशी पर्यटकों का रुझान लगातार बढ़ता जा रहा है। इस सप्ताह नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से आए पर्यटकों के कई समूहों ने चंदेरी का रुख किया। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान पर्यटकों ने शहर की ऐतिहासिक इमारतों, प्राचीन स्मारकों, बावड़ियों, जलाशयों और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण किया।
विदेशी पर्यटकों ने चंदेरी की ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला और प्राचीन जल-व्यवस्था में विशेष रुचि दिखाई। स्थानीय गाइड कल्ले भाई ने जब पर्यटकों को जानकारी दी कि किसी समय चंदेरी में करीब 1200 बावड़ियां तथा लगभग 20 छोटे-बड़े तालाब हुआ करते थे, तो पर्यटकों में शेष बचे जलाशयों और बावड़ियों को देखने की उत्सुकता और बढ़ गई। उन्होंने चंदेरी की प्राचीन जल-व्यवस्था को उसके इतिहास और स्थापत्य विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
पर्यटक समूह के लीडर मदन सिंह ने कहा कि चंदेरी में ऐतिहासिक पर्यटन के साथ-साथ जल पर्यटन की भी बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि रामनगर जलाशय में बोटिंग की सुविधा विकसित की जाए, तो यह देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण बन सकता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे छोटे जलाशयों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप नौकायन की संभावनाओं पर भी विचार किया जा सकता है।
मदन सिंह ने बताया कि वर्तमान में गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण वहां नौकायन बंद है, जबकि चंदेरी आने वाले कई पर्यटक समूह आगे गंगा क्षेत्र की ओर भी जाते हैं। ऐसे में चंदेरी में ही जल पर्यटन की सुविधाएं विकसित होने से पर्यटकों के प्रवास को और अधिक आकर्षक बनाया जा सकता है।
विदेशी पर्यटकों के लगातार बढ़ते आगमन से स्थानीय पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है। चंदेरी के ऐतिहासिक स्मारकों के साथ-साथ उसकी प्राचीन जल-व्यवस्था और प्राकृतिक स्थलों को पर्यटन से जोड़ने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण संभावना के रूप में देखा जा रहा है।

📸 और तस्वीरें