सर्व ब्राह्मण विकास परिषद की महिला समिति ने परिषद की क्षेत्रीय अध्यक्ष संगीता गोस्वामी के नेतृत्व में तालाबपुरा स्थित उनके निज निवास पर हरियाली तीज का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष संगीता गोस्वामी ने कहा कि हरियाली तीज सावन मास में मनाया जाने वाला एक प्रमुख पर्व है, जिसे भगवान शिव और माता पार्वती के पवित्र मिलन का प्रतीक माना जाता है।
उन्होंने बताया कि सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए व्रत और पूजन करती हैं, वहीं अविवाहित कन्याएं भी अच्छे जीवनसाथी की कामना के साथ इस पर्व को मनाती हैं।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने झूला झूलने के साथ ही मेहंदी रचाई, लोकगीत गाए और पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर पर्व का आनंद लिया।
जिला अध्यक्ष रितु समाधिया ने कहा कि यह पर्व प्रकृति के प्रति प्रेम, नारी शक्ति, पारिवारिक सौहार्द और भारतीय संस्कृति की सुंदर परंपराओं को जीवित रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।इस कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष वंदना तिवारी, नगर उपाध्यक्ष वंदना चौबे, उपाध्यक्ष प्रेरणा शर्मा, उपाध्यक्ष ममता तिवारी, राजकुमारी दुबे, सुमन रावत, नीलम दुबे, सोहनी गोस्वामी, ज्योति रिछारिया, साक्षी तिवारी, मंजू शर्मा, सपना बबेले, ममता पुरोहित, मालती पटेरिया, शोभना मिश्रा, राधा पांडे, आशा कौशिक, क्रांति, मंजू लता पाराशर, प्रतिभा कौशिक, ऊषा रावत, उमा बाजपेई और अभिलाषा कौशिक सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में संगीता गोस्वामी ने सभी को पौधे वितरित कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया और उपस्थित सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया।