सावन के आखिरी सोमवार के पावन अवसर पर नेहरू नगर स्थित शिवालयों में सुबह से ही भक्ति का माहौल रहा मोहल्ला नेहरू नगर में सरला बिहार कॉलोनी के पास स्थित जय बाबा श्री अमरनाथ मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे।
सुबह से ही महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जहां सभी ने पूरी श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ के समक्ष माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया।जय बाबा अमरनाथ मंदिर में अजय सोनी और अनुराधा सोनी ने गाजे-बाजे के साथ भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया।
इस दौरान भगवान शिव को जल, दूध, दही, शहद, शक्कर, घी, भांग, बेलपत्र, अबीर, गुलाल, चावल, मिष्ठान, फल, फूलमालाएं, वस्त्र और सौभाग्य श्रृंगार जैसी सामग्री समर्पित की गई।
भक्ति भाव में सराबोर श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की और आरती में सम्मिलित हुए।
दिन भर मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही, जहां श्रद्धालु 'ऊं नमः शिवाय' और 'बम-बम भोले' के जयकारे लगाते रहे।
मंदिर में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जो काफी देर तक चलता रहा।नेहरू नगर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक दर्शन किए।
इनमें जय बाबा अमरनाथ मंदिर, मां कात्यायनी माता मंदिर स्थित भोलेनाथ मंदिर, नई पानी की टंकी के पास स्थित भोले शंकर मंदिर, झिब्बू की दुकान के पास स्थित शिव मंदिर और श्री सिंह वाहिनी माता मंदिर पतरुआ धाम का शिव मंदिर शामिल है।
इस अवसर पर शिशुपाल सिंह के संयोजन में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सावन के आखिरी सोमवार के इन धार्मिक आयोजनों से पूरा मोहल्ला भक्तिमय बना रहा।