📰 अतुल कुमार जैन
खनियांधाना । शांति निकेतन विद्यालय में रविवार को खनियांधाना ब्लॉक के कुशवाह समाज का भव्य सम्मेलन संपन्न हुआ। 28 गांवों से आए समाजबंधुओं की मौजूदगी में संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत समाज के प्रेरणास्रोत महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण और वंदना के साथ हुई। इसके बाद समाज के गौरव रहे पूर्व सांसद स्व. सुखलाल कुशवाह जी की 11वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई और उनके बताए समता और शिक्षा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
सर्वसम्मति से हुआ नेतृत्व का चयन
सम्मेलन के मुख्य एजेंडे ब्लॉक अध्यक्ष के चुनाव पर राजकुमार कुशवाह और भरत कुशवाह बामौरकलां ने बुढ़ानपुर के पूर्व सरपंच मोहर सिंह कुशवाह के नाम का प्रस्ताव रखा। उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि के साथ प्रस्ताव का समर्थन किया और *मोहर सिंह कुशवाह को निर्विरोध ब्लॉक अध्यक्ष* चुन लिया गया। वहीं युवा चेहरे *कपिल कुशवाह को ब्लॉक उपाध्यक्ष* की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मानपुर के वरिष्ठ समाजसेवी शंकर कुशवाह ने नवनियुक्त अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का माल्यार्पण कर पदभार ग्रहण कराया।
नवनियुक्त अध्यक्ष मोहर सिंह कुशवाह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता समाज को नशा और कुरीतियों से मुक्त कर शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाना और एक मजबूत कार्यकारिणी का गठन करना रहेगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शंकर लाल कुशवाह ने किया। अंत में सभी के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया।

📸 और तस्वीरें