ललितपुर में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए राजस्व और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण

ललितपुर।

बारिश के मौसम में नगर क्षेत्र को जलभराव की समस्या से मुक्त कराने और नालों पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने के उद्देश्य से 18 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी सत्यप्रकाश के निर्देशन में राजस्व विभाग एवं नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम ने विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

टीम ने मौके पर पहुंचकर जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया और जलभराव के कारणों को चिह्नित करते हुए उनके स्थायी समाधान की प्रक्रिया शुरू की।निरीक्षण के दौरान टीम ने विशेष रूप से नालों पर हुए अतिक्रमण, उनके स्वरूप में किए गए बदलाव और उनमें डाले जा रहे गोबर, पॉलीथिन व अन्य घरेलू कचरे की स्थिति की जांच की।

कई स्थानों पर नालों पर अतिक्रमण कर उनका स्वरूप बदलने के कारण जल निकासी बाधित पाई गई।

इस पर संबंधित भवन स्वामियों और अतिक्रमणकर्ताओं को उनके भूमि व निर्माण संबंधी अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।संयुक्त टीम ने सबसे पहले वार्ड नंबर 09, मोहल्ला सिविल लाइन में बजाज क्लब के पीछे स्थित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

इसके बाद टीम ने वार्ड नंबर 12, मोहल्ला आजादपुरा, वार्ड नंबर 21, मोहल्ला तालाबपुरा तथा वार्ड नंबर 24, मोहल्ला लक्ष्मीपुरा में अटा मंदिर के सामने वाली गली में पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारियों ने मौके पर जल निकासी में आ रही बाधाओं को देखा और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण में सामने आया कि कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने नालों व नालियों पर अतिक्रमण कर उनके मूल स्वरूप को बदल दिया है।

कहीं नालों को ढक दिया गया है तो कहीं उनके प्रवाह क्षेत्र को प्रभावित किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नालों का अवरुद्ध होना बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति को गंभीर बनाता है।

उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे नालों में किसी भी प्रकार का कचरा, पॉलीथिन, गोबर या घरेलू सामग्री न डालें।अधिकारियों ने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नालों की भूमि और उनके प्राकृतिक प्रवाह क्षेत्र को सुरक्षित रखना अनिवार्य है।

अतिक्रमण पाए जाने वाले भवन स्वामियों से मांगे गए अभिलेखों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका ने जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगरवासियों से सहयोग की अपेक्षा की है।इस निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर भानुप्रताप सिंह, नायब तहसीलदार घनेन्द्र तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद दिनेश कुमार विश्वकर्मा, पार्षद अमरदीप रजक, अवर अभियंता खुशबू खान, अवर अभियंता निधि पाण्डेय और नजूल लिपिक सुधीर रावत सहित राजस्व विभाग व नगर पालिका परिषद के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

Surendra Sapera

@saperasurendra50

Reporter Lalitpur Up

0 फॉलोअर्स