नेहरू नगर स्थित जय बाबा श्री अमरनाथ मंदिर में सावन सोमवार और नाग पंचमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़.

ललितपुर शहर के नेहरू नगर स्थित सरला बिहार कॉलोनी के पास स्थित जय बाबा श्री अमरनाथ मंदिर में सावन सोमवार और नाग पंचमी के पावन अवसर पर महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बड़े ही भक्ति भाव के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। पर्व के चलते सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा मंदिर में सुबह से ही महिलाओं, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। सभी ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के समक्ष माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और गाजे-बाजे के साथ भगवान भोलेनाथ की आरती संपन्न हुई।

दिन भर मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। भक्ति के माहौल में डूबे श्रद्धालु 'ऊं नमः शिवाय', 'बम बम भोले' और 'हर हर महादेव' के जयकारे लगाते रहे। इस दौरान महिलाओं ने मंदिर में भजन-कीर्तन भी किए, जो काफी देर तक चलते रहे। इन धार्मिक कार्यक्रमों में महिलाओं, बच्चों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सावन सोमवार और नाग पंचमी के उपलक्ष्य में कई महिलाओं ने व्रत भी रखा था। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद महिलाओं ने वहीं अपना व्रत खोला। इस धार्मिक आयोजन से पूरा नेहरू नगर मोहल्ला भक्तिमय बना रहा।

लेखक के बारे में

Surendra Sapera

@saperasurendra50

Reporter Lalitpur Up

0 फॉलोअर्स