ललितपुर जिले के थाना पूराकलां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पूराबिरधा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया, जो पूरे गांव में भ्रमण करते हुए बस स्टैंड से होकर पुनः विद्यालय पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रधान राघवेंद्र सिंह राजपूत और विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृष्ण बिहारी द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया।
इसके बाद मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।
इस दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के जयकारों से गूंज उठा।समारोह के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
देशभक्ति गीतों के माध्यम से छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया, जिनकी शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और विद्यालय परिवार का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधान राघवेंद्र सिंह राजपूत द्वारा छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए और मिठाई बांटकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा की गईं।इस अवसर पर प्रधानाध्यापक कृष्ण बिहारी, सहायक अध्यापक चंद्रमोहिनी, सहायक अध्यापक प्रवीणा तिवारी, सहायक अध्यापक रेशमा बानो, पत्रकार दीपू गुप्ता और अनुदेशक पुष्पलता सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और छात्राओं को देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रहित के प्रति सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।