उपेक्षा और अपमान यदि अपनों से बार बार मिले..तो शब्दों से वाक युद्ध करना उचित नहीं है..अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज

औरंगाबाद (सोनकच्छ) स्थित पुष्पगिरी तीर्थ पर वर्षायोग हेतु विराजमान गणाचार्य श्री पुष्पदंत सागर महाराज के सानिध्य में अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज एवं उपाध्याय पियूष सागरजी महाराज का मंगल प्रवास जारी है।

इस दौरान पुष्पगिरी में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हो रहे हैं।

इसी श्रृंखला में गुरु भक्तों को संबोधित करते हुए आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज ने समय के महत्व पर प्रकाश डाला।आचार्य श्री ने कहा कि समझदारी इसी में है कि व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों से दूर हो जाए।

सब समय का खेल है; कूड़े-कचरे के दिन भी बदलते हैं। समय ने किसी को नहीं छोड़ा, चाहे वह राजा हो या रंक, अमीर हो या गरीब, सेठ हो या भिखारी। सभी ने समय की मार का अनुभव किया है।

इतिहास को देखें, वर्तमान को महसूस करें और भविष्य को संवारें।उन्होंने आगे कहा कि जिसने समय का सम्मान किया, समय ने उसका सम्मान किया।

कभी यह न कहें कि हम 'टाइम पास' कर रहे हैं और न ही यह कहें कि समय एक बोझ है जिसे ढो रहे हैं। आप स्वयं सोचें कि बोझ कौन ढोता है—इंसान या गधा?

समय का सम्मान करने वाले वंदनीय और अभिनंदनीय हो जाते हैं और उनका यशोगान युगों-युगों तक किया जाता है।आचार्य श्री ने समझाया कि समय का धैर्यपूर्वक सदुपयोग हमें निखारता है।

जैसे सम्मेद शिखर की यात्रा रात्रि 1 या 2 बजे शुरू कर एक-एक कदम चलते हुए पारसनाथ टोंक तक पहुँचा जाता है, वैसे ही समय, साहस और श्रम यात्री को लक्ष्य तक पहुँचा देते हैं।

उन्होंने कहा कि निरंतर कार्य करते रहें और समय की प्रतीक्षा करें, फल अवश्य मिलेगा। हम उजास और उल्लास की गति को तभी पकड़ सकते हैं जब समय के साथ कदमताल करेंगे। समय ही हमारे भविष्य का निर्माता है।

समय, श्रम और साहस की त्रिवेणी हमें सफलता के शीर्ष पर पहुँचाती है। जिन्होंने समय को समझा, समय ने उन्हें समझदार बना दिया।समय को आदर्श बनाने वाले लोग समाज और राष्ट्र के लिए अनुकरणीय बनते हैं।

समय बोध ही कर्तव्य बोध का पाठ पढ़ाता है। इसलिए अपने दैनिक जीवन की समय-सारणी बनाएं और समय के सार को समझें, अन्यथा समय की बर्बादी घातक हो सकती है।

उक्त जानकारी प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा और पियूष कासलीवाल (औरंगाबाद) ने दी।

लेखक के बारे में

शोभित जैन

@jainshobhit5

विदिशा REPORTER

0 फॉलोअर्स