सोनकच्छ। संत पुष्पदंत सागर जी और अंतर्मना प्रसन्न सागर जी के सानिध्य में पुष्पगिरी तीर्थ पर 'हर मास एक उपवास' महाअभियान का आयोजन किया गया। अंतर्मना धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास तथा पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पूज्य स्वामी चिन्मयानंद बापू ने कहा कि संतों की वाणी में परमात्मा का वास होता है। उन्होंने कहा कि यदि हर महीने की 7 तारीख को पूरे विश्व का साथ मिल जाए, तो यह उपवास एक वैश्विक क्रांति बन सकता है। उन्होंने जैन धर्म के मंत्रों की विशिष्टता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जैन धर्म का एक ऐसा श्लोक है जो 'ण' अक्षर से शुरू होकर 'ण' पर ही समाप्त होता है, जो विश्व के अन्य किसी शास्त्र में दुर्लभ है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि वे जन्म से जैन नहीं हैं, लेकिन जैन धर्म के सिद्धांतों से गहरे प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह बाबा रामदेव ने योग को घर-घर तक पहुँचाया है, उसी तरह गुरुदेव का यह अभियान विश्व कल्याण में सार्थक सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि एक जैन संत से प्रेरित होकर उन्होंने अपने जीवन में आजीवन सौंफ का त्याग किया है।
गणाचार्य श्री पुष्पदंत सागर जी ने कहा कि अपनी आत्मा को पहचानना ही सच्ची साधना है। उन्होंने अपने शिष्य अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागर जी की साधना की अनुमोदना की। अंतर्मना आचार्य श्री ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे नियम ही एक दिन जीवन में बड़ा बदलाव लाते हैं। स्वस्थ जीवन के लिए हर मास एक उपवास अनिवार्य है।
कार्यक्रम के प्रवक्ता रोमिल जैन ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल थावरचंद गहलोत, स्वामी चिन्मयानंद बापू, राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, पद्मश्री कालूराम बामनिया, पतंजलि के प्रदीप तिजारावाला, आस्था चैनल के सीईओ प्रमोद जोशी, कवि शशिकांत यादव और अमन अक्षर सहित अनेक गणमान्य अतिथियों का स्वागत विधायक डॉ. राजेश सोनकर एवं पुष्पगिरी परिवार द्वारा किया गया। मुनि सहज सागर जी ने उपवास के लाभ बताए, जबकि संचालन करते हुए उपाध्याय मुनि पीयूष सागर जी ने कहा कि जीवन का उपहास न हो, इसके लिए हर मास एक उपवास अवश्य करें।
पतंजलि परिवार के प्रदीप तिजारावाला ने जानकारी दी कि 'हर मास एक उपवास' के इस नौवें सामूहिक आयोजन से विश्व के 200 देशों के करीब 15 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान कवियों ने भगवान श्रीराम और महावीर स्वामी पर आधारित रचनाओं से समां बांध दिया।
इस अवसर पर अंतर्मना गुरुदेव ने सोनकच्छ नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की मेधावी छात्राओं रिया चंदर सिंह बामनिया (10वीं बोर्ड, 90.2%) और मुस्कान राजेश कलेसरिया (12वीं कॉमर्स, 76.4%) को राज्यपाल और स्वामी बापू के हाथों नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर ऋतुराज सिंह, अपर कलेक्टर संजीव जैन, एसपी पुनीत गहलोत, पुष्पगिरी अध्यक्ष प्रकाश अजमेरा, सुभाष जैन, महेंद्र पाटोदी, अशोक डोसी, आकाश जैन, रायसिंह सेंधव, लीला भेरुलाल अटरिया, श्रुति सिंह बघेल, बहादुर सिंह मुकाती, नंदकिशोर पाटीदार और विजेंद्र सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन पुष्पगिरी के अध्यक्ष प्रकाश अजमेरा ने किया। यह जानकारी प्रचार प्रसार संयोजक रोमिल पाटणी, नरेंद्र अजमेरा और पीयूष कासलीवाल ने दी।





📸 और तस्वीरें