नगर पालिका परिषद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80-वां स्वतंत्रता दिवस

ललितपुर नगर पालिका परिषद के प्रांगण में 80-वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ (मन्नू कोरी) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने की।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, सम्मानित सभासदगण और नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहेसमारोह की शुरुआत में पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा और अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने नगर में स्थापित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया इसके उपरांत नगर पालिका परिषद परिसर में पालिका अध्यक्ष ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया।

राज्यमंत्री, पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव, सम्मान और संकल्प का दिन है।

उन्होंने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई और वीरांगना अवंती बाई लोधी जैसे महान राष्ट्रनायकों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि इन्हीं के त्याग से स्वतंत्र भारत का सपना साकार हुआ।

उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत है।पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लेने का दिन है।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता, विकास और समृद्धि के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें।अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना और राष्ट्रहित में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य-अहिंसा के मार्ग, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के साहस और क्रांतिकारियों के जज्बे को देश के लिए सदैव प्रेरणादायी बताया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभासदगणों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

लेखक के बारे में

Surendra Sapera

@saperasurendra50

Reporter Lalitpur Up

0 फॉलोअर्स