विदिशा में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर भव्य आयोजन, 106 वर्षीय गुलाब बाई का हुआ शतायु सम्मान
विदिशा में 1 अक्टूबर को कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशन में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र एवं श्री हरि वृद्ध आश्रम परिसर में 'अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस' का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, विधिक साक्षरता शिविर एवं आयुष्मान शिविर का संचालन किया गया, जिसमें 100 से अधिक पेंशनर्स और लगभग 180 वृद्धजनों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में विधायक मुकेश टंडन, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा, ब्रह्माकुमारी सपना दीदी, पेंशन एसोसिएशन अध्यक्ष ओमप्रकाश चतुर्वेदी, वृद्धाश्रम से इंदिरा शर्मा और पूर्व लायंस अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी मुख्य अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। अतिथियों ने विदिशा नगर के वार्ड क्रमांक 8 निवासी 106 वर्षीय गुलाब बाई विश्वकर्मा का 'शतायु सम्मान' किया। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी वृद्धजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों ने भी समां बांधा। पेंशनर्स कवियों ने अपनी काव्य रचनाओं से सभी का मन मोह लिया, वहीं शास्त्रीय संगीत और भजनों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस दौरान राधाकृष्ण आईटीआई के विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया। साथ ही, एसएसएल जैन कॉलेज के एनएसएस विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति युवाओं के दायित्वों का प्रभावी मंचन किया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व लायंस अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी ने पेंशन एसोसिएशन अध्यक्ष ओ.पी. चतुर्वेदी के 77वें जन्मदिवस पर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद ओ.पी. चतुर्वेदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लायन अरुण कुमार सोनी के साथ मिलकर पेंशनर्स के हित में शासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं। इन मांगों में रेल यात्रा में वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रियायत को पुनः बहाल करना, तीर्थदर्शन योजना में पेंशनर्स को शामिल करना, शासन की विभिन्न समितियों में पेंशनर्स को प्रतिनिधित्व देना और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए 'डे केयर सेंटर' खोलना शामिल है।
लायंस क्लब विदिशा मेन के अध्यक्ष लायन वी.पी. सिंह, मल्टीपल मल्टीमीडिया प्रभारी लायन अरुण कुमार सोनी, पूर्व अध्यक्ष लायन शाश्वत शर्मा और सेक्रेटरी लायन डॉ. अर्पणा शर्मा सहित अन्य लायंस पदाधिकारियों ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया और वृद्धजनों को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के समापन पर सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं और भरण-पोषण अधिनियम की जानकारी दी। इस आयोजन में रेडक्रॉस सोसायटी, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, सामाजिक न्याय विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग के अधिकारी व प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




📸 और तस्वीरें