शिक्षा विभागीय कर्मचारी सहकारी समिति की 56वीं वार्षिक आमसभा संपन्न; 43.78 लाख रुपये के संचित लाभ में रही समिति

विदिशा: शिक्षा विभागीय कर्मचारी सहकारी समिति की 56वीं वार्षिक आमसभा संपन्न, समिति 43 लाख से अधिक के लाभ में

विदिशा में शिक्षा विभागीय कर्मचारी सहकारी समिति मर्यादित की 56वीं वार्षिक आमसभा का आयोजन स्थानीय तारा देवी अग्रवाल धर्मशाला में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान समिति का वार्षिक प्रतिवेदन पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा और वर्तमान अध्यक्ष बलभद्र सिंह मीणा द्वारा प्रस्तुत किया गया।

प्रतिवेदन में दी गई जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 की स्थिति में समिति 43,78,473 रुपये (तिरालीस लाख अठहत्तर हजार चार सौ तिहत्तर रुपये) के संचित लाभ में है। समिति की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि संस्था के पास पर्याप्त स्वयं का फंड उपलब्ध है और सदस्यों के निरंतर सहयोग से ही यह लाभ अर्जित किया गया है। साथ ही, सदस्यों की अमानत राशि (बचत) पर 7 प्रतिशत की दर से ब्याज देने का निर्णय लिया गया है। समिति की कार्यप्रणाली को लेकर यह भी स्पष्ट किया गया कि ऋण हितग्राहियों को मात्र 24 घंटे के भीतर ऋण उपलब्ध करा दिया जाता है।

इस अवसर पर भामाशाह लायन अरुण कुमार सोनी ने अपने संबोधन में शिक्षकों को समिति से आवश्यकतानुसार ऋण लेने के साथ-साथ बचत करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने अपने सम्मान के लिए सोसाइटी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने संस्था के इतिहास और अब तक की प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का सफल संचालन चंद्रशेखर शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन समिति के अध्यक्ष बलभद्र सिंह मीणा द्वारा किया गया। इस आयोजन में भामाशाह अरुण सोनी, मुन्नालाल रघुवंशी, पूर्व उपाध्यक्ष घासीराम बघेल, वर्तमान संचालक मंडल से विश्वनाथ शर्मा, गोपाल सिंह अहिरवार, बृजमोहन शर्मा, मीना पाठक, संजय श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव, राम सहाय जैन और बृजेंद्र सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वादिष्ट भोजन के साथ हुआ, जिसकी उपस्थित सदस्यों और अतिथियों ने सराहना की।

लेखक के बारे में

शोभित जैन

@jainshobhit5

विदिशा REPORTER

0 फॉलोअर्स