विदिशा में अमर गायक मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि पर सुरमई शाम: 'हम छोड़ चले हैं महफ़िल को' कार्यक्रम में गूंजे सदाबहार नगमे

विदिशा में अमर पार्श्व गायक मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रमविदिशा से शोभित जैन की रिपोर्ट।स्थानीय कुसुमदेवी गार्डन में 26 अगस्त 2026 की शाम 'लीजेंड्स इन टाइम्स म्यूजिकल' ग्रुप द्वारा अमर पार्श्व गायक मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम 'हम छोड़ चले हैं महफ़िल को' का आयोजन किया गया।

शाम 7 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में शहर के संगीत प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ इतिहासकार गोविंद देवलिया और लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।संगीत संध्या की शुरुआत संतोष सक्सेना ने 'सुहानी चांदनी रातें' गीत के साथ की।

इसके बाद स्थानीय गायकों ने मुकेश के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम में सौरभ पंथी ने 'हम छोड़ चले हैं महफ़िल को', पं.

सुशील शर्मा 'सरल' ने 'कभी-कभी मेरे दिल में ख्याल आता है', प्रखर श्रीवास्तव ने 'कहीं दूर जब दिन ढल जाए', प्रदीप जैन 'पारस' ने 'जाने कहां गए वो दिन', शंकर विश्वकर्मा ने 'ओ रे ताल मिले नदी के जल में', मोहन प्रसाद छीपा ने 'आ लौट के आजा मेरे मीत', प्रशंसा चतुर्वेदी ने 'मैंने तेरे लिए ही सात रंग के सपने चुने', सुमन श्रीवास्तव ने 'आंसू भरी हैं ये जीवन की राहें', शिखा शर्मा ने 'दुनिया से जाने वाले जाने चले जाते हैं कहां', शत्रुघ्न भारद्वाज ने 'कई बार यूं ही देखा है', हरिनारायण शर्मा ने 'आया है मुझे फिर याद वो जालिम', सुदर्शन सोनी ने 'ये वादा करो चांद के सामने', विवेक श्रीवास्तव ने 'एक दिन बिक जाएगा माटी के मोल', ब्रज श्रीवास्तव ने 'मैं पल दो पल का शायर हूं' और संजय चतुर्वेदी ने 'आ लौट के आजा मेरे मीत' गीत प्रस्तुत किए।कार्यक्रम के दौरान सुलखान हाड़ा ने पार्श्व गायक मुकेश और लता मंगेशकर के रिश्तों और उनसे जुड़े संस्मरण साझा किए।

इतिहासकार गोविंद देवलिया ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में गायकों के निरंतर अभ्यास की सराहना की और ग्रुप के संयोजक प्रदीप जैन 'पारस' को संस्था को और अधिक संगठित करने का सुझाव दिया।इस अवसर पर मध्यप्रदेश स्वर्णकार समाज कल्याण समिति का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर लायन अरुण कुमार सोनी (राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा) का लीजेंड्स ग्रुप द्वारा शॉल, श्रीफल और पुष्पमाला भेंट कर सम्मान किया गया।

साथ ही, उन्हें 'लीजेंड्स इन टाइम्स म्यूजिकल' ग्रुप का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अपने संबोधन में सोनी ने शहर की नई और उभरती गायन प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में आचार्य शिव कुमार तिवारी और राजेन्द्र कटारे सहित अन्य श्रोतागण मौजूद रहे।कार्यक्रम के समापन पर संयोजक प्रदीप जैन 'पारस' ने शहर के राष्ट्रीय कवि स्व.

जगदीश श्रीवास्तव और गायक संजय दुबे के निधन पर ग्रुप की ओर से शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जैन 'पारस' और पं. सुशील शर्मा 'सरल' ने किया।

अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, गायकों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।

लेखक के बारे में

शोभित जैन

@jainshobhit5

विदिशा REPORTER

0 फॉलोअर्स