ललितपुर पुलिस ने जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और साइबर सुरक्षा को लेकर एक व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया।
पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में मिशन शक्ति टीमों, एंटी रोमियो टीमों और महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधा संवाद किया।अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, बस स्टैंडों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसके अतिरिक्त ग्राम चौपाल, बहू-बेटी सम्मेलन एवं जनसंवाद के माध्यम से महिलाओं और आमजन को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, बाल श्रम और महिला उत्पीड़न के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
साथ ही उन्हें महिला कल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।जागरूकता अभियान के दौरान साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस ने फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें।
सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करने की सलाह दी गई।
साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करने तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया।
टीमों ने उन्हें आत्मरक्षा के उपाय बताए और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रोत्साहित किया।इस दौरान पुलिस ने महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
जरूरत पड़ने पर 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और 1930 राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की गई।
ललितपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए यह जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।