ललितपुर कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामले में वांछित चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।कोतवाली ललितपुर में मु0अ0सं0 906/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला पंजीकृत था।
इस मामले में वांछित चल रहे चार आरोपियों को पुलिस ने 22 अगस्त 2026 को नियमानुसार गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोलू उर्फ फिरोज (32 वर्ष) पुत्र सलीम कुरैशी, आमिर (34 वर्ष) पुत्र सलीम कुरैशी, दोनों निवासी मोहल्ला अजीतापुरा कसाई मण्डी, जावेद खान (32 वर्ष) पुत्र बब्लू उर्फ इरसाद खान, निवासी जामा मस्जिद के सामने मोहल्ला घुसयाना और सूरज उर्फ फुल्ला अहिरवार (29 वर्ष) पुत्र देवेन्द्र सिंह, निवासी मोहल्ला झाँसीपुरा शामिल हैं।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।इन आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
गोलू उर्फ फिरोज के खिलाफ कोतवाली ललितपुर में हत्या, हत्या के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट समेत पांच मामले दर्ज हैं। आमिर के खिलाफ हत्या से संबंधित एक मामला दर्ज है।
जावेद खान के खिलाफ जुआ अधिनियम, मारपीट और धमकी देने के आरोपों में छह मामले दर्ज हैं।
वहीं, सूरज उर्फ फुल्ला अहिरवार के खिलाफ मारपीट, धमकी, बलवा, एससी/एसटी एक्ट और गुंडा एक्ट समेत कुल 13 मामले कोतवाली ललितपुर में दर्ज हैं।आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी और उनकी पुलिस टीम शामिल रही।