गोलाकोट से कुंडलपुर तक 300 किमी की धर्म प्रभावना पदयात्रा, बामौर कलां में श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत

गोलाकोट से कुंडलपुर तक 300 किमी की धर्म प्रभावना पदयात्रा, बामौर कलां में श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत

बामौर कलां। आस्था और धर्म प्रभावना का संदेश लेकर खनियांधाना के गोलाकोट से श्री सिद्ध कुंडलपुर क्षेत्र के लिए लगभग 300 किलोमीटर की पैदल तीर्थ यात्रा शुरू हुई है। 2 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक चलने वाली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। बुधवार को यह यात्रा बामौर कलां पहुंची, जहां जैन समाज के लोगों ने श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया।

यात्रा के बामौर कलां पहुंचने की सूचना मिलते ही समाजजन हर्षरा चौराहा पहुंचे और यात्रियों की अगवानी की। इसके बाद श्रद्धालुओं को सम्मान के साथ पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर ले जाया गया। मंदिर पहुंचने पर समाजजनों ने यात्रियों का तिलक-वंदन किया और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। मंदिर में यात्रियों ने भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन एवं पूजन कर धर्मलाभ लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में समाजजनों द्वारा यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई, जहां सभी ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।

इस धर्म प्रभावना पैदल तीर्थ यात्रा के पुण्यार्जक परिवार में श्रीमती हरि भाई महेश जैन, श्रीमती रानी संतोष जैन, लोकेश जैन, काजल एवं गंज बासौदा का समस्त कोयला परिवार शामिल है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य धर्म प्रभावना के साथ श्रद्धालुओं को श्री सिद्ध कुंडलपुर क्षेत्र के दर्शन कराना है।

तीर्थयात्रियों का रात्रि विश्राम बामौर कलां में होगा। इसके बाद गुरुवार, 3 सितंबर की सुबह श्रद्धालु अपने अगले पड़ाव के लिए पुनः पैदल रवाना होंगे। लगभग 300 किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए श्री सिद्ध कुंडलपुर क्षेत्र पहुंचेंगे। बामौर कलां में हुए स्वागत के दौरान पूरा वातावरण धार्मिक एवं भक्तिमय रहा। इस अवसर पर समाजजनों ने यात्रियों की सुखद, मंगलमय और निर्विघ्न यात्रा की कामना की।

लेखक के बारे में

ATUL JAIN

@atuljain

Senior Reporter Shivpuri

1000 फॉलोअर्स