कलेक्टर खुद उतरे मैदान में! खनियाधाना शिविर में 12 लाख बांटे, मंदिर का 10 साल पुराना विवाद भी 10 मिनट में निपटाया

📰 अतुल कुमार जैन

खनियांधाना!
खनियांधाना में 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान' के तहत विशाल जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुँचाने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से 07 अगस्त 2026 से 08 जनवरी 2027 तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत खनियांधाना प्रांगण में एक भव्य शिविर संपन्न हुआ।

पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के मुख्य आतिथ्य और कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुँचाना था। शिविर के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्वयं आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। शेष समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर धरातल पर समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने विकासखंड स्तरीय कार्यालयों के निरीक्षण के साथ ही शासकीय संस्थाओं में व्यवस्था सुधारने के लिए औचक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाडली लक्ष्मी योजना के तहत भाव्या यादव, प्रिया रजक, कृष्टि झाँ, तुलसी कुशवाहा और वेदिका प्रजापति को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा वृद्धावस्था एवं कल्याणी पेंशन योजना के तहत सरूपी झाँ, कपूरी जाटव, सखी आदिवासी, हरकू लोधी, सीमा जाटव, रीना लोधी, दसियाबाई और गजराज लोधी को पेंशन स्वीकृति आदेश सौंपे गए।

मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत 6 मृतक श्रमिकों के परिजनों को 12 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि (प्रति परिवार 2 लाख रुपये) प्रदान की गई। सहायता राशि प्राप्त करने वालों में फूलवती लोधी, भागीरथ आदिवासी, केशवसिंह लोधी, अजवा परिहार, प्रेम आदिवासी और रामदेवी अहिरवार शामिल रहे।

शिविर के दौरान मंदिर परिसर की बाउंड्रीवॉल से जुड़े विवाद का भी समाधान किया गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने विधायक प्रीतम लोधी के साथ मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और दोनों पक्षों से चर्चा कर विवाद का निपटारा कराया। कलेक्टर ने राजस्व टीम को भूमि की जांच कर आपसी सहमति से बाउंड्रीवॉल और रास्ते के लिए जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही, मंदिर परिसर में साफ-सफाई के लिए सीएमओ को निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जनपद उपाध्यक्ष संजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कलेक्टर खुद उतरे मैदान में! खनियाधाना शिविर में 12 लाख बांटे, मंदिर का 10 साल पुराना विवाद भी 10 मिनट में निपटाया - शिवपुरी -
कलेक्टर खुद उतरे मैदान में! खनियाधाना शिविर में 12 लाख बांटे, मंदिर का 10 साल पुराना विवाद भी 10 मिनट में निपटाया - शिवपुरी -

लेखक के बारे में

ATUL JAIN

@atuljain

Senior Reporter Shivpuri

1000 फॉलोअर्स